जैश के दो आतंकी मारे गए, एक का नाम राशिद गाजी बताया जा रहा
मुठभेड़ पुलवामा से 10 किलोमीटर दूर पिंग्लेना में हुई, एक नागरिक की भी मौत
मुठभेड़ के दौरान पुलवामा पुलिस की हिदायत के बावजूद स्थानीय लोग नारे लगाते रहे
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सोमवार को जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी मारे गए। इनमें पुलवामा में 14 फरवरी को हुए फिदायीन हमले के मास्टरमाइंड राशिद गाजी के मारे जाने की भी खबर है। इससे पहले मुठभेड़ में सेना के एक मेजर समेत चार जवान शहीद हो गए। एक आम नागरिक के भी मारे जाने की खबर है। इस मुठभेड़ केे बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षाबलों पर पथराव भी किया।
सुरक्षाबलों को जम्मू-कश्मीर में पुलवामा से करीब 10 किलोमीटर दूर पिंग्लेना में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सोमवार तड़के सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शहीद हुए चारों जवान 55 राष्ट्रीय राइफल्स के थे। इनमें मेजर वीएस धौंदियाल, हवलदार शिवराम, सिपाही अजय कुमार और सिपाही हरि सिंह शामिल हैं।
चार दिन में 45 जवान शहीद
पिछले चार दिन में राज्य में आतंकी घटनाओं में 45 जवानों की जान जा चुकी है। इससे पहले 14 फरवरी को पुलवामा में हुए फिदायीन हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। वहीं, शनिवार को राजौरी के नौशेरा सेक्टर में एक आईईडी को नाकाम करते वक्त सेना के मेजर चित्रेश बिष्ट शहीद हो गए थे। बिष्ट का सोमवार को देहरादून में अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
शहादत बेकार नहीं जाएगी- मोदी
पुलवामा हमले पर प्रधानमंत्री ने नरेंद्र मोदी ने कहा, "पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हमला घृणित है। जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। पूरा देश जवानों के परिवार के साथ खड़ा है।'' राहुल ने भी इस हमले पर दुख जाहिर किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह कायराना हरकत से मैं बुरी तरह व्यथित हूं।''