Ticker

6/recent/ticker-posts

Advertisement

जम्मू: बस स्टेशन पर ग्रेनेड अटैक, एक की मौत, 28 लोग घायल, 10 संदिग्ध हिरासत में

गुरुवार को भीड़-भाड़ वाले इलाके में बसे बस स्टेशन में एक बस के पास ग्रेनेड से हमला हुआ। इसके बाद धमाके की वजह से वहां पास में मौजूद 28 लोग घायल हो गए हैं तथा एक की मौत हो गई है। सभी घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

जम्मू में गुरुवार को बस स्टेशन के पास हुआ धमाका


भीड़-भाड़ वाले इलाके में ब्लास्ट की वजह से 28 लोग घायल


पुलिस टीम मौके पर मौजूद, एरिया खाली कराकर जांच शुरू


जम्मू IG ने बताया- ग्रेनेड फेंककर हमलावर फरार


जम्मू 
जम्मू के एक बस स्टैंड पर गुरुवार दोपहर जोरदार धमाका हुआ। पुलिस के मुताबिक ग्रेनेड अटैक में 28 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल की मौत हो गई है। सुरक्षाकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षाबलों ने 10 संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। दोपहर 12 बजे के करीब भीड़भाड़ वाले इलाके में बने बस स्टेशन में एक बस के पास धमाका किया गया। आपको बता दें कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद से ही जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। 

जम्मू के आईजी मनीष सिन्हा ने बताया कि यह ग्रेनेड से किया गया हमला था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार एक संदिग्ध हमलावर ने ग्रेनेड से हमला किया और मौके से फरार हो गया। 10 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है। IG का कहना है कि हमले का मकसद सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ना था। इस विस्फोट में 17 साल के मोहम्मद शारिक की मौत हो गई। 

रिपोर्ट के मुताबिक धमाके में चाइनीज ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया है। बताया जा रहा है कि पहले भी यह इलाका आतंकियों के निशाने पर रहा है। टाइम्स नाउ के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि इस धमाके का मकसद सांप्रदायिक तनाव पैदा करना था। ऐसे में प्रशासन की ओर से आगाह किया गया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। 

प्रशासन ने जम्मू-कश्मीर की जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। ग्रेनेड धमाका इतना जबर्दस्त था कि आसपास की कई बसों को भी नुकसान पहुंचा है। 

बस स्टैंड पहले भी बना निशाना 
पिछले साल 29 दिसंबर को भी आतंकियों ने बस स्टैंड को निशाना बनाया था। उस समय आतंकी बस स्टैंड पर ग्रेनेड फेंककर भाग गए थे। तब कोई नुकसान नहीं हुआ था। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि बस स्टेशन के पास ही पुलिस स्टेशन भी है फिर भी आतंकी अपने मंसूबे में कामयाब हो गए।