चित्तौडग़ढ़. राशमी थानान्तर्गत परमेश्वरपुरा गांव में पुलिस ने एक मकान के कमरे में गड़े 36 लाख 50 हजार रूपए की राशि जब्त की है। यह राशि केतली व टिफिन में डालकर जमीन में दबाई हुई थी।
पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कपासन के पुलिस उप अधीक्षक दलपतसिंह भाटी को सोमवार सुबह सूचना मिली कि राशमी थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुरा गांव में रहने वाले रतनलाल पुत्र गणेशलाल जाट के मकान में अवैध अफीम जमीन में दबाकर रखी हुई है। सूचना पर राशमी थानाधिकारी रतनसिंह मय जाप्ता रतनलाल जाट के मकान पर पहुंचे। पुलिस ने उसके मकान की तलाशी ली और एक कमरे में जमीन की खुदाई करवाई तो दो हजार व पांच सौ के नोट केतली व टिफिन में रखे हुए मिले। जिनकी गिनती करने पर ३४ लाख ५० हजार रुपए की राशि पाई गई। पूछताछ में इस राशि के बारे में रतनलाल के संतोषप्रद जवाब नहीं देने पर पुलिस ने नकदी जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी। रतनलाल से पुलिस पूछताछ कर रही है।