चित्तौड़गढ़
लोकसभा चुनाव ( lok sabha election2019 ) में चित्तौड़गढ़़ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी गोपालसिंह शेखावत ने सोमवार को क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र पेश किया। शेखावत सुबह जिला कांग्रेस कार्यालय से जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां सुबह 11:15 बजे शेखावत ने शुभ मुहुर्त में जिला निर्वाचन अधिकारी शिवांगी स्वर्णकार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
बतादें कि शेखावत ने चार सेट में नामांकन पत्र प्रस्तुत किया है। इस दौरान उनके साथ सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, बेगूं विधायक राजेन्द्रसिंह विधुड़ी, वल्लभनगर विधायक गजेन्द्रसिंह शक्तावत, प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मांगीलाल धाकड़ भी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वर्णकार ने शेखावत को प्रत्याशी की शपथ दिलाई।
निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में प्रत्याशी के साथ चार जने ही मौजूद रहने के प्रावधान के कारण कुछ नेता बाहर आते-जाते दिखे। शेखावत के नामांकन पत्र भरने के दौरान कलक्ट्रेट के बाहर चित्तौडग़ढ़ विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, एआईसीसी सदस्य आनंदीराम खटीक, उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं कार्यकर्ता कांग्रेस एवं प्रत्याशी शेखावत के समर्थन में नारे लगाते रहे।
अब तक भरे जा चुके नौ नामांकन पत्र
चित्तौडग़ढ़ से सोमवार को शेखावत सहित तीन नामांकन पत्र भरे गए। बहुजन समाज पार्टी से जगदीशचन्द्र शर्मा एवं निर्दलीय गुलाबचंद ने भी नामांकन पत्र भरा। अब तक भाजपा से सीपी जोशी सहित कुल 9 प्रत्याशी फार्र्म भर चुके है। नामांकन पत्र भरने का मंगलवार को अंतिम दिन है। इनकी जांच बुधवार को होगी एवं 12 अप्रेल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।