
भारत के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब किसान ओला, उबर की तरह ट्रैक्टर या दूसरे कृषि उपकरण अपने मोबाइल से बुक करा सकेंगे. विदेशी टेक्नोलॉजी कंपनी एरिस ने हैलो ट्रैक्टर ऐप भारत में लॉन्च कर दिया है. (Photo: getty)

कंपनी का कहना है कि हरियाणा और पंजाब में उसकी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं. और जल्द ही यूपी, बिहार समेत देश के दूसरे राज्यों में इसका विस्तार किया जाएगा. (Photo: getty)
कंपनी का दावा है कि वह भारतीय किसानों को सस्ते किराये पर ट्रैक्टर समेत अन्य उपकरण मुहैया कराएगी. कंपनी का कहना है कि भारत में किसानों को खेती के वक्त आसानी से खेत जोतने के लिए ट्रैक्टर नहीं मिल पाता है.
कंपनी की यह सर्विस फिलहाल नाइजीरिया में चल रही है, जहां से सफलता के बाद कंपनी ने भारत का रुख किया है. कंपनी को भारत सरकार की भी हरी झंडी मिल गई है.
कंपनी की मानें तो भारत में 63 फीसदी किसानों के पास ढाई एकड़ से कम की जमीन है, जबकि 90 फीसदी किसानों के पास 5 एकड़ से कम जमीन है. इन किसान 'हैलो ट्रैक्टर' ऐप के जरिये कुछ घंटों में ही इस सुविधा का इस्तेमाल कर पाएंगे.

फिलहाल एरिस कंपनी भारत में 500 ट्रैक्टरों के साथ अपनी सर्विस की शुरू करने जा रही है. कंपनी ने दावा किया है कि जल्द ही सीडर, कंबाइनर, थ्रेशर, चॉपर जैसे बाकी फार्म उपकरण भी किराये पर किसानों को उपलब्ध कराएगी.

उद्योग संगठन फिक्की का भी मानना है कि ऐप से किसानों का काम आसान हो जाएगा. ऐप के जरिये किसान ट्रैक्टर बुक कर समय पर अपने खेत की जुताई-बुवाई कर सकेंगे. साथ ही किसानों को मार्केट से कम किराये पर ट्रैक्टर उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है. (Photo: getty)

इस सुविधा का इस्तेमाल करना भी बेहद आसान है. जिस तरह से लोग ऐप के जरिये कैब बुक करते हैं, ठीक उसी तरह 'हैलो ट्रैक्टर' ऐप से किसान ट्रैक्टर बुक कर पाएंगे. इसके लिए किसानों को पहले अपने मोबाइल में गूलग प्ले स्टोर से 'हैलो ट्रैक्टर' ऐप को डाउनलोड करना होगा. बुकिंग के दौरान किसानों को कुछ जानकारी मुहैया करानी होगी और फिर तय वक्त पर ट्रैक्टर किसान के पास पहुंच जाएगा.