राजस्थान में सैलानियों को आने की एक और वजह मिल गई है. राजस्थान की पहली लॉयन सफारी का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री वंसुधरा राजे ने सीएमआर से रिमोट के ज़रिए किया

राजस्थान में सैलानियों को आने की एक और वजह मिल गई है. राजस्थान की पहली लॉयन सफारी का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री वंसुधरा राजे ने सीएमआर से रिमोट के ज़रिए किया. यहां सीएमआर में मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाया और वहां 25 किलोमीटर दूर सैलानियों के लिए लॉयन सफारी का दरवाज़ा हमेशा के लिए खुल गया. इस लॉयन सफारी में सैलानी 1 अक्टूबर से घूम सकेंगे.लॉयन सफारी के लिए 36 हैक्टेयर में फैले विशाल जंगल को चारों तरफ से ऊंची ऊंची तारों की दीवार से बंद किया गया है. इसमें तीन शेर त्रिपुर, तेजस और तारा को लाया गया है. इनमें दो नर और एक मादा है. शेरों के ये नाम खुद सीएम राजे ने रखे हैं. आने वाले समय में यहां शेरों की तादाद बढ़ेगी. फिलहाल तीनों शेर उम्र के लिहाज से छोटे हैं और उन्हें पिंजरे से खुले में जंगल में ले जाया गया है. इनको यहां के वातारवरण में खुद को एडजस्ट करने में अभी वक्त लगेगा. इनके क्रियाकलापों पर यहां चिकित्सक पूरी नज़र रख रहे हैं.शुरूआती दिनों में शेरों को खाना बाहर से ही खिलाया जाएगा
पिंजरे से जगंल के माहौल में आए ये शेर फिलहाल शिकार करना नहीं जानते हैं. इनको परोसा हुआ खाना खाने की आदत है. इसलिए शुरूआती दिनों में इनको खाना बाहर से ही खिलाया जाएगा. जैसे जैसे ये जंगल के माहौल में घुलते मिलते चले जाएंगे वैसे वैसे इनको बाहर से फीड करना पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. इस 36 हैक्टेयर की सफारी में खासी तादाद में मोर, पक्षी और नीलगाय मौजूद हैं.चार करोड़ के बजट से बनी है सफारी
अब तक देश में गिर के शेरों की पहचान थी, लेकिन अब राजस्थान भी आने वाले समय में इस लॉयन सफारी की वजह से दुनिया को अपनी ओर खींचेगा. 4 करोड़ के बजट से बनी ये सफारी कुछ ही वक्त में राजस्व का एक बड़ा ज़रिया बन जायेगी.