Ticker

6/recent/ticker-posts

Advertisement

199 के फेर में फंसी भाजपा और कांग्रेस, बागी और निर्दलीयों पर टिकी नजरें



इस बार पिछले चुनाव से 1% कम वोटिंग हुई, इसी ने बढ़ाई दोनों दलों की चिंता

वसुंधरा ने ली कोर ग्रुप की बैठक, सचिन पायलट और गहलोत सोनिया से मिले


जयपुर. प्रदेश की 199 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान का रिजल्ट 11 दिसंबर को आएगा। लेकिन एग्जिट पोल के नतीजों और दोनों ही दलों की ओर से खुद के स्तर पर कराए गए सर्वे के आंकलनों के बाद भाजपा और कांग्रेस सियासी गुणा-भाग में जुट गई। दोनों ही दलों के दिग्गज नेता शनिवार को जयपुर से लेकर दिल्ली तक दौड़-भाग करते रहे। मकसद-सरकार बनाने के लिए जरूरी 101 विधायकों का जादुई आंकड़ा छूना है।

 

जरूरी संख्याबल जुटाने के लिए अन्य दलों और निर्दलीयों को साधने की रणनीतियां भी बनाई जा रही हैं। भाजपा-कांग्रेस की नजर उन 50 से ज्यादा बड़े बागियों पर भी है, जिन्होंने निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ा है। दोनों दलों की चिंता इस बार पिछले चुनाव से 1.46 फीसदी कम मतदान ने भी बढ़ा रखी है।

 

राजे ने कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक की

दोनों ही पार्टियां आकलन कर रही हैं कि इसका फायदा और नुकसान किस तरफ होगा। कांग्रेस का आकलन पूर्ण बहुमत का है, जबकि भाजपा भी 90 से ज्यादा सीटें हासिल करने का अनुमान लगा रही है। इस सियासी गुणा-भाग के बीच मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शनिवार को दिनभर कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक करने में व्यस्त रहीं। 

 

शाह ने दिल्ली में की बैठक

दूसरी तरफ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में पार्टी महासचिवों की बैठक ली। इस बैठक में शाह ने राम माधव, भूपेन्द्र यादव, अरुण सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, सरोज पांडेय और अनिल जैन के साथ रणनीति बनाई।

 

एग्जिट पोल के नतीजों से कांग्रेस उत्साहित

एग्जिट पोल के नतीजों से कांग्रेस के नेता उत्साहित हैं। कांग्रेस  प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार शाम दिल्ली में 10 जनपथ पर सोनिया गांधी से मुलाकात की। दोनों ने उन्हें प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात की जानकारी दी। प्रदेश में कांग्रेस खेमे में अब भी कयासों का दौर जारी है कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा।

 

वोटिंग में महिलाएं पुरुषों से आगे

 

74.66%मतदान किया महिलाओं ने73.80%वोटिंग पुरुषों ने की प्रदेश में0.86%के साथ महिलाएं आगे

 

पिछली बार भी पुरुषों से आगे थीं महिलाएं

2013 - महिला वोटिंग : 75.66%, पुरुष : 74.92%

राज्य में रामगढ़ विधानसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के बाद प्रदेश में 199 सीटों पर ही मतदान हुआ। इस बार 74.21% वोटिंग हुई, जबकि 2013 में 75.67% हुई थी।
 

19 जिलों में महिलाओं की अधिक वोटिंग

चूरू, झुंझुनूं, सीकर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, नागौर, पाली, जैसलमेर, बाड़मेर, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा और प्रतापगढ़ में महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत ज्यादा है।