उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी हनुमानजी को बता चुके हैं दलित, मंत्री सत्यपाल ने बताया आर्य
मोदी ने मां, पिता और जाति पर जवाबी हमले के बाद गांधी परिवार को नामदार-शहजादा कहकर घेरा
. राजस्थान में पिछले छह दिनों से चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ी है। इस रफ्तार में राजनेता असल मुद्दे- विकास को भूल गए हैं। वे व्यक्तिगत हमलों पर उतर आए हैं। रोज एक जैसे बयान आ रहे हैं। एक जैसे हमले हो रहे हैं। विकास जैसे सियासत की वर्णमाला से छिटककर दूर जा गिरा है। नेताओं को सिर्फ जाति-गोत्र, कमर..बली और अली जैसे शब्द याद आ रहे हैं। इन्हीं हमलों को आज सियासत की नई वर्णमाला में देखिए।
9 महारथियों के शब्द बाण
योगी आदित्यनाथ : बली और अली
तेज-तर्रार शैली के लिए मशहूर योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान में भाजपा का प्रचार अपने चिर-परिचित अंदाज में शुरू किया। 26 नवंबर को पोकरण में बोले-कांग्रेस को अली मुबारक हो...हम तो बजरंग बली का संकल्प ले चुके हैं। अगले ही दिन योगी ने बजरंग बली को वंचित और दलित बता दिया।
प्रधानमंत्री मोदी : नामदार-कामदार
25 नवंबर को मोदी अलवर में थे। पांच राज्यों के चुनाव में पहली बार अयोध्या का जिक्र किया। मां...पिता..जाति पर जवाबी हमले के बाद गांधी परिवार को नामदार-शहजादा कहकर घेरा।
अशोक गहलोत: कमर-काला
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहले वसुंधरा के अमित शाह के आगे झुककर अभिवादन पर हमला किया। बोले-वसुंधरा जी...अमित शाह के सामने आधी कमर झुकाकर प्रणाम कर रही हैं मोदीजी की तरह...। इतना झुककर प्रणाम अगर वे जनता से कर लेतीं तो यह दुर्गति नहीं होती। बाद में गहलोत में अपना यह ट्वीट डिलीट कर दिया। गहलोत एक दिन बाद फिर बरसे...सभाओं में काले रंग के कपड़ों के बैन पर बोले-वसुंधराजी काला रंग देखकर इतना चमकती क्यों हैं। बच्चा पैदा होता है तो सबसे पहले काला टीका ही तो लगाया जाता है।
सचिन पायलट : महारानी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट लगातार वसुंधरा पर महारानी शब्द से हमला कर रहे हैं। इतना ही नहीं, वसुंधरा को भी सभाओं में इन हमलाें का जवाब देना पड़ा- हम महाराजा या महारानी के रूप में नहीं है। बेटी-बहू के रूप में आपके सामने हैं।
अमित शाह : कांग्रेस मुक्त
कांग्रेस पर सबसे ज्यादा लगातार हमला करने वाला नेता...कांग्रेस मुक्त भारत को सबसे ज्यादा इन्होंने ही चलाया। पिछले चार दिनों से राज्य में हैं। सबसे ज्यादा बार कांग्रेस मुक्त भारत दोहरा चुके हैं।
राहुल गांधी : चौकीदार चोर
26 नवंबर को जोधपुर में राहुल बोले-मैं जैसे ही चौकीदार बाेलता हूं...लोग चोर है-चोर है...बोलने लगते हैं। राहुल लगातार रफाल डील के जरिए चौकीदार, चोर जैसे शब्दों से हमला कर रहे हैं।
वसुंधरा : गोत्र...
जैसे ही राहुल ने अपना गोत्र बताया तो वसुंधरा ने जवाबी हमला कर दिया। कहा- राहुल गांधी को अपने नाना पंडित जवाहर लाल नेहरू का नहीं, दादा फिरोज गांधी, पिता राजीव गांधी का गोत्र बताना चाहिए।
ज्ञानदेव : घोटेवाला...
भाजपा के सबसे उग्र तेवर दिखाने वालों में से एक हैं ज्ञानदेव आहूजा। बजरंग बली को दलित...आर्य जैसे शब्द देने की होड़ में ज्ञानदेव आहूजा एक वीडियो में उन्हें घोटेवाला सांड तक बोल बैठे।
सीपी जोशी : जाति
जाति संबंधी कथित वीडियो को लेकर कांग्रेसी नेता सीपी जोशी बुरे फंसे। भाजपा ने तो हमला किया है...राहुल के कहने पर माफी भी मांगनी पड़ी। जबकि चुनाव आयोग ने उन्हें क्लीन चिट दे दी।