
प्रदेश की सर्वाधिक चर्चित सीट झालरापाटन में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और कांग्रेस के मानवेंद्र सिंह के मुकाबले पर देश भर की निगाह टिकी है।
झालरापाटन। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में छह दिन का समय बचा है और प्रदेश का चुनावी बुखार चरम पर है। एक-एक सीट के लिए मारामारी है। यों तो राज्य की हर सीट महत्त्वपूर्ण है, लेकिन चंद हॉट सीटों पर पूरे प्रदेश की नजर है।
इन हॉट सीटों में से एक है झालरापाटन। इसलिए नहीं कि यहां से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे चुनाव लड़ रही हैं, बल्कि इसलिए क्योंकि उनके सामने कांग्रेस ने मानवेन्द्र सिंह को मुकाबले में उतारकर इसे देश भर की निगाह में ला दिया है। मानवेन्द्र सिंह यानी एक दौर में भाजपा के दिग्गज नेता रहे जसवंत सिंह के पुत्र। सालों तक भाजपा में रहे। चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस में आए तो पार्टी ने वसुंधरा राजे को घर में घेरने के लिए उन्हें भाजपा के गढ़ से उम्मीदवार बना दिया।
लोकसभा चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर जसवंत सिंह के बाड़मेर से निर्दलीय चुनाव के साथ ही मानवेन्द्र की वसुंधरा से उनकी राजनीतिक अदावत शुरू हुई जो धीरे-धीरे राजनीतिक प्रतिशोध में बदल गई। उसी प्रतिशोध का नतीजा है मानवेंद्र का कांग्रेस टिकट पर चुनाव लडऩा। मानवेन्द्र अपनी लड़ाई को 'स्वाभिमान' से जोड़ रहे हैं।
जनसंपर्क के दौरान वे स्वाभिमान के मुद्दे को उछालकर सहानुभूति बटोरने का कोई मौका नहीं छोड़ते। मानवेन्द्र के पक्ष में कांग्रेस के परम्परागत मतदाताओं के साथ सत्ता विरोधी मतों के सहारे वे अपनी चुनावी वैतरणी पार करने की उम्मीद कर रहे हैं। वसुंधरा राजे तीन बार से लगातार इस सीट को जीतने के साथ पांच बार झालावाड़ से सांसद रह रह चुकी हैं। अब झालरापाटन के मतदाताओं को तय करना है कि वे किसके साथ जाएंगे?
मतदाताओं के सामने चयन की कड़ी चुनौती है। क्षेत्र के मतदाताओं के समाने वसुंधरा राजे और मानवेन्द्र सिंह में से एक का चुनाव करना है। कांग्रेस समर्थक मानते हैं कि चुनौती आसान नहीं है। लेकिन उन्हें उम्मीद है कि भाजपा के इस गढ़ को भेदने में वे इस बार जरूर कामयाब होंगे। दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता वसुंधरा राजे को इस सीट से चौथी बार विधानसभा में पहुंचाने को लेकर आश्वस्त हैं।
वसुंधरा और मानवेंद्र के बीच सिमटा चुनावी संघर्ष
वसुंधरा के चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे उनके सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह समर्पित कार्यकर्ताओं की फौज के सहारे झालावाड़ को विकास की बुलंदियों पर ले जाने के नाम पर एक बार फिर वोट मांग रहे हैं। भाजपा यहां पिछले नौ में से सात चुनाव में जीती है। यहां लड़ाई वसुंधरा राजे और मानवेन्द्र सिंह के बीच सिमटी नजर आ रही है। यहां सर्वाधिक 45-45 हजार मतदाता अल्पसंख्यक व एससी-एसटी के हैं। धाकड़, पाटीदार और राठौर (तेली) मतदाताओं की संख्या 20-20 हजार है। राजपूत मतदाता 18-20 हजार है। इतने ही मतदाता गुर्जर हैं। जानकारों का मानना है कि अल्पसंख्यक मतदाता यहां राजे के पक्ष में वोट देते रहे हैं। मानवेंद्र राजपूतों साथ एससी-एसटी मतों को अपने पाले में करने के प्रयास कर रहे हैं।
वसुंधरा राजे
ताकत : प्रदेश की राजनीति में बड़ा चेहरा, पांच बार सांसद, तीन बार विधायक, इलाके के मतदाताओं से व्यक्तिगत संबंध।
कमजोरी : सत्ता विरोधी भावना, महंगाई की मार।
मानवेन्द्र सिंह
ताकत : नया चेहरा, स्थानीय गुटबाजी से दूर, राहुल गांधी से नजदीकी।
कमजोरी : क्षेत्र पर पकड़ नहीं, राजे का बड़ा कद, स्थानीय कार्यकर्ताओं का धड़ा सक्रिय नहीं
दुष्यंत ने संभाली कमान
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रचार की कमान सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह व पुत्रवधू निहारिका ने संभाल रखी है। दोनों क्षेत्र में प्रचार में जुटे हैं। वहीं मानवेंद्र के प्रचार में बाड़मेर से भी समर्थकों की टीम भी यहां जुटी हुई है।
पहले रमा पायलट, अब मानवेन्द्र
वसुंधरा राजे ने यहां से 2003 में पहला चुनाव लड़ा था, तब कांग्रेस ने उनके सामने सचिन पायलट की मां रमा पायलट को उतारकर मुकाबले को रोचक बनाने का प्रयास किया था। पन्द्रह साल बाद एक बार फिर मानवेन्द्र पर दावं खेलकर कांग्रेस ने चुनावी रण को दिलचस्प बनाने की कोशिश की है। मानवेन्द्र के यहां आने से झालरापाटन सीट देशभर में चर्चा का केन्द्र बन गई है।
प्रचार में नहीं पहुंचा कोई बड़ा नेता
चुनाव प्रचार खत्म होने को अब चंद ही दिन शेष हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट यहां चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने आए थे। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ही दलों की तरफ से कोई बड़ा नेता इस सीट पर अब तक नहीं आया है। राहुल गांधी 24 अक्टूबर को एक सभा को संबोधित करने आए थे। लड़ाई यहां भाजपा-कांग्रेस की हार-जीत से कहीं अधिक व्यक्तिगत प्रतिष्ठा से जुड़ी है, इसलिए आखिरी दौर में जोड़-तोड़ के खेल का नजारा दिलचस्प होगा।
--------------------------------------
रोजगार के लिए होगा मेरा वोट
मेरा वोट उसे जो विकास की बात करेगा। युवाओं के लिए रोजगार के साधन जुटाने को प्राथमिकता देगा। पहली बार वोट दूंगा भी और दूसरों को भी प्रेरित करूंगा।
अंकित धाकड़, नव मतदाता